
SSB IG Ratn Sanjay Concludes 3-Day Inspection of 62nd Battalion Bhinga; Reviews Indo-Nepal Border Security
श्रावस्ती/भिनगा: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय लखनऊ के महानिरीक्षक (IG) श्री रत्न संजय ने 62वीं वाहिनी भिनगा मुख्यालय एवं इसके सीमावर्ती कार्यक्षेत्र का तीन दिवसीय (15 से 17 दिसंबर 2025) विस्तृत दौरा सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और जवानों का मनोबल बढ़ाया।

सीमा चौकियों का निरीक्षण और जवानों से संवाद
भ्रमण के पहले दिन (15 दिसंबर), महानिरीक्षक महोदय ने सीमा चौकी ‘सुईया’ का दौरा किया। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों की मुस्तैदी और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। सैनिक सम्मेलन के दौरान उन्होंने जवानों से सीधा संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

सैनिक सम्मेलन और साइबर सुरक्षा पर जोर
दौरे के दूसरे दिन (16 दिसंबर) वाहिनी मुख्यालय भिनगा में एक विशेष सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। आईजी श्री रत्न संजय ने जवानों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं के साथ-साथ वर्तमान समय में बढ़ रहे ‘ऑनलाइन फ्रॉड’ (Online Fraud) के प्रति जागरूक किया और इससे बचाव के उपाय बताए। इस अवसर पर वाहिनी में ‘बड़ा खाना’ का भी आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी के साथ समन्वय बैठक
भ्रमण के दौरान महानिरीक्षक ने श्रावस्ती के जिलाधिकारी श्री अश्वनी कुमार पाण्डेय के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें जिले की कानून व्यवस्था और सीमा सुरक्षा से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि प्रशासन और बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित रहे।
रक्षा संसाधनों की समीक्षा
इसके पश्चात, महानिरीक्षक ने सीमा चौकी ‘गुज्जर गौरी’ का रुख किया। वहां उन्होंने डिफेंस संसाधनों, उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमा सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ और अभेद्य बनाने के लिए कड़े निर्देश दिए। सीमा चौकी गुज्जर गौरी में रात्रि विश्राम के बाद, 17 दिसंबर को महानिरीक्षक महोदय वापस सीमांत मुख्यालय लखनऊ के लिए रवाना हुए।
दोस्तो, अगर आप CAPF से संबंधित सभी ख़बरें पढ़ना चाहते हैं, तो Jawan Times का WHATSAPP CHANNEL जरूर फॉलो करें।